SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव की उपस्थिति में एकीकृत विद्यालय वाहन निगरानी पोर्टल के संबंध में विद्यालय प्रबंधकों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों का एकीकृत विद्यालय वाहन निगरानी पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। साथ ही प्रत्येक वाहन के पूर्ण रूप से फिट होने का प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर वाहनों से संबंधित सभी आवश्यक डाटा की फीडिंग सुनिश्चित की जाए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विद्यालय प्रबंधक एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक विद्यालय को अपने वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं एआरटीओ को निर्देशित किया कि विद्यालयों में संचालित वाहनों की नियमित जांच की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। बैठक के दौरान पीपीटी के माध्यम से एकीकृत विद्यालय वाहन निगरानी पोर्टल के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर एआरटीओ अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक उपस्थित रहे।







