Home उत्तर प्रदेश विद्यालयों को प्रदान किया जाएगा हर संभव सहयोग :शशि रमनजीत सिंह

विद्यालयों को प्रदान किया जाएगा हर संभव सहयोग :शशि रमनजीत सिंह

ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम में शिक्षा व पंचायत विभाग के कार्यों की समीक्षा
FATEHPUR NEWS:  ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन एसएसडी डिग्री कॉलेज मौहार में किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख शशि रमनजीत सिंह एवं अध्यक्षता कर रहे मलवां खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्राथमिक विद्यालय मौहार के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा विभाग एवं पंचायत विभाग द्वारा विद्यालयों में किए जा रहे कार्यों की सकारात्मक समीक्षा करना रहा। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने ब्लॉक प्रमुख को सरकार द्वारा संचालित डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्राम प्रधानों से आधार विहीन बच्चों के आधार कार्ड बनवाने में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि सभी पात्र बच्चों को डीबीटी का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सभी के संयुक्त प्रयास से छात्र नामांकन का लक्ष्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। वहीं ब्लॉक प्रमुख शशि रमनजीत सिंह ने ग्राम प्रधानों एवं शिक्षकों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय स्तर पर विकास कार्यों एवं आवश्यक संसाधनों के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विवेक गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं ग्राम प्रधान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।