Home उत्तर प्रदेश विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त,अधिकारियों को लगाई फटकार

विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त,अधिकारियों को लगाई फटकार

SIDDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (विकास कार्यों) और विभिन्न निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी इस महत्वपूर्ण बैठक में मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान जिन विभागों की रैंकिंग में कम प्रगति पाई, उन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पीएम कुसुम योजना, फसल अवशेष प्रबंधन, फसल बीमा योजना सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण योजनाओं की गहनता से समीक्षा की, जिसमें उन्होंने अधिकारियों को लाभार्थियों को इनका शत-प्रतिशत लाभ दिलाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से फसल बीमा के लिए कैंप लगाकर किसानों को जागरूक करने और अधिक से अधिक पंजीकरण कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी निर्माणाधीन पंचायत भवनों का कार्य मानक और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा किया जाए, जिसमें टाइल्स, फर्नीचर आदि सभी कार्य शामिल हों। साथ ही, स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण का सर्वे कार्य पूरा करने और व्यक्तिगत शौचालय के लाभार्थियों को बकाया किश्त का भुगतान करने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्धारित समयावधि में ट्रांसफार्मर बदलने और खुले में कोई ट्रांसफार्मर न रखने और शेड्यूल के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एम्बुलेंस समय पर लाभार्थियों तक पहुंचाने और उसमें आवश्यक उपकरण सुनिश्चित करने, लाभार्थियों की फीडिंग समय से पूरी करने और अनुदान समय से प्रेषित करने को कहा गया।
डीएम ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया, साथ ही सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रगति लाने को कहा। मुख्यमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के लक्ष्य पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया। कृषि रक्षा रसायन का अनुदान डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रेषित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने समस्त अधिशासी अभियन्ताओं और प्रोजेक्ट मैनेजरों को चल रहे सभी कार्यों को समय से और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने और जल जीवन मिशन योजना के तहत ओवर हेड टैंक का निर्माण कार्य समय से पूरा कर पानी की सप्लाई शुरू करने तथा पाइप डालने हेतु खोदी गई सड़कों को ठीक कराने का भी निर्देश दिया गया। स्वयं सहायता समूहों का गठन कर उन्हें रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर स्वयं फीडिंग करने और अपने कार्यों में प्रगति लाकर विभागों को प्रथम श्रेणी में लाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में पंडित दीन दयाल उपाध्याय सोलर लाइट योजना, सोलर स्ट्रीट लाइट बीकेएस ग्राम उन्नति योजना, विद्युत विभाग द्वारा खराब ट्रांसफार्मर को बदलने में प्रगति, कृषि रक्षा रसायन डीबीटी, एम्बुलेंस सेवा (102), टेली रेडियोलॉजी, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम, मोबाइल मेडिकल यूनिट, दिव्यांग पेंशन आधार सीडिंग, सामाजिक वनीकरण, पशु टीकाकरण, पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निराश्रित महिला पेंशन, कन्या विवाह सहायता योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो कार्य चल रहे हैं, उन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूर्ण करें और जो कार्य पूरे हो गए हैं, उन्हें हैंडओवर कराएं। इस बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बी.एस. यादव, अधिशासी अभियंता लो.नि.वि. (प्रा.ख.) कमल किशोर, बांसी विवेक कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।