Home उत्तर प्रदेश विकास कार्यों की अड़चनें दूर करने के लिए डीएम ने दिए कड़े...

विकास कार्यों की अड़चनें दूर करने के लिए डीएम ने दिए कड़े निर्देश

SIDHARTHNAGAR NEWS: सिद्धार्थनगर में 50 लाख से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं में आ रहे भूमि विवादों और अन्य समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि इन सभी रुकावटों को तत्काल दूर किया जाए। डीएम ने बांसी में बन रहे 50 बेड के अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज के निर्माण में आ रही दिक्कतों को हल करने के लिए उप जिलाधिकारी को लोगों से बातचीत कर समाधान निकालने को कहा। उन्होंने बांसी में निर्मित काशीराम आवास योजना के भवनों को पात्र लाभार्थियों को शीघ्र सौंपने के लिए चयन प्रक्रिया और निरीक्षण रिपोर्ट को भी पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, नगर पंचायत डुमरियागंज और बांसी में नई पेयजल योजनाओं के लिए जमीन चिन्हित करने और नेपाल सीमा पर ककरहवा में गेट निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने के आदेश भी दिए गए। बांसी-खलीलाबाद मार्ग के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को फौरन हटाने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही, उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को उन सभी परियोजनाओं में तुरंत बिजली कनेक्शन देने को कहा, जिनके लिए भुगतान हो चुका है। बैठक में जिलाधिकारी ने डीएफओ को पेड़ों की कटाई के लिए समय से एनओसी जारी करने और बढ़नी चाफा व कपिलवस्तु में कान्हा गौशालाओं का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने का निर्देश भी दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञान प्रकाश, उप जिलाधिकारी नौगढ़, बांसी, शोहरतगढ़ सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।