पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बीईओ ने बच्चों में वितरित किया कार्यक्रम
BHADOHI NEWS: पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम बड़े ही हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। जिसका शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बच्चों द्वारा स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीईओ भदोही चन्द्रशेखर आजाद रहे। साथ ही विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पंचायत नई बाजार के चेयरमैन प्रतिनिधि लालता सोनकर, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता, नोडल संकुल प्रहलाद तिवारी, प्राथमिक विद्यालय चकशेरवा के प्रधानाध्यापक मोहन पांडेय एवं प्राथमिक विद्यालय नई बाजार के प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण नृत्य, महिला सशक्तिकरण पर आधारित नाटिका, समूह नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। सभी प्रस्तुतियां अत्यंत आकर्षक, भावपूर्ण एवं संदेशप्रद रहीं। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन एवं उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित अतिथि एवं अभिभावक अत्यंत प्रभावित हुए। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं में पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यह वार्षिकोत्सव कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को दर्शाने वाला एक सफल एवं यादगार आयोजन सिद्ध हुआ। इस मौके पर अन्य अतिथि छात्र-छात्राओं के अभिभावक, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा काफी संख्या में बच्चे मौजूद रहे। अंत में प्रधानाध्यापिका फरखंडा राशिद खान ने सभी के प्रति आभार जताया।







