Home उत्तर प्रदेश वार्षिकोत्सव में बच्चों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा, स्कूल चलो का दिया संदेश

वार्षिकोत्सव में बच्चों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा, स्कूल चलो का दिया संदेश

लालगोपालगंज कम्पोजिट विद्यालय पलये में रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति, मेधावियों को किया गया सम्मानित।
PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत स्थित कम्पोजिट विद्यालय पलयें में सोमवार को वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे देख उपस्थित अभिभावक व अतिथि भावविभोर हो रहे थे।शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात शिक्षिका शालिनी श्रीवास्तव व प्रज्ञा पांडेय ने छात्राओं संग सुमधुर सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कक्षा चार की छात्रा अंजलि व कक्षा छह के छात्र आदर्श गुप्ता ने धाराप्रवाह अंग्रेजी में भाषण देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूर्व माध्यमिक के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, शिक्षा की महत्ता पर आधारित नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के डांस प्रदर्शन पर पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कनौजिया ने कहा कि शिक्षा ही समाज के उत्थान का मार्ग है। शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। अभिभावकों का दायित्व है कि वह बच्चों को नियमित स्कूल भेजें। परिषदीय विद्यालयों में अब कॉन्वेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध है। अंत में कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं को विदाई दी गई। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को पुरस्कृत भी किया गया। संचालन मदनमोहन शुक्ल ने किया, जबकि प्रधानाध्यापक अरशद फारूकी ने सभी के प्रति आभार जताया। यहां सभासद अमरबहादुर यादव, लिपिक कृष्ण कुमार नागर, अध्यापक इमरान कलीम, अफजल अमीन, पूर्व सभासद भगौती प्रसाद, शारदा प्रसाद पटेल, शिक्षिका विभा शुक्ला, अमरीन, किरन, लता कुमारी, जियालाल, रीता देवी, कविता, उषा सहित आदि अभिभावक व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।- नगर पंचायत की ओर से बनेगा दिव्यांग शौचालय।लालगोपालगंज। पलयें स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव में बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचीं अधिषासी अधिकारी पद्मजा मिश्रा ने विद्यालय के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय की मांग एवं बच्चों की सुविधा को देखते हुए परिसर में जल्द ही एक आधुनिक दिव्यांग शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। कहा कि हमारा प्रयास है कि बच्चों को पढ़ाई के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले। उनके द्वारा की गई घोषणा का उपस्थित समूह ने तालियां बजाकर स्वागत किया।