Home उत्तर प्रदेश लालच में गंवाई रकम,साइबर सेल ने दिलाए ठगी के 73 हजार रुपए

लालच में गंवाई रकम,साइबर सेल ने दिलाए ठगी के 73 हजार रुपए

MIRZAPUR NEWS:  (तारिक अनवर थाना) कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन ठगी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पीड़ितों के खातों में कुल ₹73,681.11 की धनराशि वापस कराई गईं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों ने राहत की सांस ली है। धुन्धी कटरा निवासी सोनी सिंह ने 27 अगस्त 2024 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्रेडिंग एप के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर उनसे ₹95,986 की ठगी कर ली गई। वहीं दूसरे मामले में अकबरपुर टाउन ग्राम कहलगांव जिला भागलपुर (वर्तमान में ईएमएस लिमिटेड कंपनी, सीवरेज नेटवर्क प्रोजेक्ट, मीरजापुर में कार्यरत) निवासी मुकेश कुमार ने 26 अगस्त 2025 को शिकायत दी थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने .apk फाइल भेजकर उनके खाते से ₹99,990 निकाल लिए। दोनों शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से दर्ज होने के बाद थाना कोतवाली शहर साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम ने संबंधित बैंक और तकनीकी माध्यमों से समन्वय कर कार्रवाई की। जांच के दौरान सोनी सिंह के खाते में ₹28,632 तथा मुकेश कुमार के खाते में ₹45,049.11 वापस कराए गए। खाते में धनराशि वापस आने पर दोनों पीड़ित थाने पहुंचे और थाना शहर कोतवाली साइबर सेल टीम की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। थाना कोतवाली शहर के प्रभारी निरीक्षक उप-निरीक्षक दयाशंकर ओझा ने बताया कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक, एप या लालच भरे ऑफर से सावधान रहें और ठगी की स्थिति में तत्काल एनसीआरपी पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।