FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना किशनपुर पुलिस द्वारा कस्बा किशनपुर स्थित प्राथमिक कन्या विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को लघु फिल्म के माध्यम से महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं, जिससे वे विभिन्न परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रह सकें। इस दौरान छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी विस्तार से दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में बिना डर के सहायता लें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा सुरक्षित माहौल का अनुभव कराना रहा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जा सके।







