Home उत्तर प्रदेश लखनऊ में सड़क सुरक्षा क्विज में सिद्धार्थनगर की टीम को मिला सम्मान,...

लखनऊ में सड़क सुरक्षा क्विज में सिद्धार्थनगर की टीम को मिला सम्मान, हेलमेट देकर किया गया पुरस्कृत

SIDHARTHNAGAR NEWS: लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर स्थित ज्यूपिटर ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा संवाद कार्यशाला एवं क्विज प्रतियोगिता में जनपद सिद्धार्थनगर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार हासिल किया। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 75 जनपदों से चार-चार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बस्ती मंडल के सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त स्काउट राकेश कुमार सैनी के नेतृत्व में सिद्धार्थनगर टीम ने प्रतिभाग किया, जिसमें जिला संगठन आयुक्त स्काउट अमित कुमार शुक्ल, मंजू गौतम, काउंसलर श्याम शर्मा एवं विजयलक्ष्मी शामिल रहे। प्रतियोगिता के दौरान टीम द्वारा प्रस्तुत किए गए सड़क सुरक्षा से जुड़े पोस्टर और स्लोगन आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं क्विज प्रतियोगिता में अमित कुमार शुक्ल और श्याम शर्मा ने सटीक उत्तर देकर टीम को सफलता दिलाई। उत्तर प्रदेश परिवहन प्रवर्तन अधिकारी एवं प्रादेशिक संगठन आयुक्त स्काउट नौशाद अली सिद्दीकी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने कहा कि वे जनपद में स्काउटिंग-गाइडिंग के माध्यम से आरटीओ कार्यालय से समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। टीम की इस उपलब्धि पर डीआईओएस अरुण कुमार, बीएसए शैलेश कुमार, जिला मुख्यायुक्त समर बहादुर सिंह, स्काउट कमिश्नर करूणा कान्त, गाइड कमिश्नर अर्चना सिंह, जिला सचिव अजय शंकर उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष अभिषेक कुमार, जिला स्काउट मास्टर महेश कुमार, जिला गाइड कैप्टन अर्चना वर्मा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट राजित कुमार, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड डॉ इफ्तेखारून निशा, स्काउटर कुलदीप कुमार एवं हेमंत कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी।