Home उत्तर प्रदेश रेल सेवा ठप होने से बढ़ी परेशानी, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने उठाई...

रेल सेवा ठप होने से बढ़ी परेशानी, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने उठाई आवाज

मेमू-इंटरसिटी रद्द, यात्रियों को उठानी पड़ रही अतिरिक्त लागत
JHANSI NEWS:  पूर्व केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने मण्डल रेल प्रबन्धक को पत्र लिखकर झांसी-लखनऊ रेलखंड पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों के निरस्तीकरण का मुद्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि झांसी से लखनऊ के बीच संचालित होने वाली झांसी-लखनऊ इंटरसिटी एवं झांसी-लखनऊ मेमू ट्रेनों का संचालन आगामी 42 दिनों के लिए निरस्त कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि ये दोनों ट्रेनें झांसी से लखनऊ के बीच यात्रा करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों एवं आम नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण परिवहन साधन हैं। इन ट्रेनों के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने गंतव्य तक आसानी और कम खर्च में पहुंचते हैं। प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि यह लगातार देखा जा रहा है कि जब भी किसी कारणवश ट्रेनें निरस्त की जाती हैं, तो सबसे पहले इन्हीं ट्रेनों को बंद किया जाता है। इससे आम जनता को असुविधा के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है, क्योंकि उन्हें मजबूरन अन्य महंगे साधनों का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि ट्रेनों के निरस्तीकरण के बावजूद रेलवे प्रशासन द्वारा कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर यात्रा स्थगित करनी पड़ती है।
अंत में उन्होंने मण्डल रेल प्रबन्धक से आग्रह किया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों के स्थान पर अस्थायी रूप से अन्य ट्रेनों का संचालन या अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.