Home उत्तर प्रदेश रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में गूंजी किलकारी, स्टाफ ने कराया सुरक्षित...

रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में गूंजी किलकारी, स्टाफ ने कराया सुरक्षित प्रसव

JHANSI NEWS: रेलवे की मानवीय संवेदनाओं और तत्परता का एक अनुपम उदाहरण उस समय सामने आया जब गाड़ी संख्या 20807 से यात्रा कर रही एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। घटना वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 की है, जहाँ महिला को तत्काल ट्रेन से उतारा गया और समय रहते चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई गई। पूनम, पत्नी केशव, नर्मदापुरम से अमृतसर की यात्रा कर रही थीं। अचानक तबीयत बिगड़ने पर ड्यूटी पर तैनात वरिष्ठ सीसीटीसी सुनील यादव एवं वरिष्ठ सीसीटीसी सारिका सचान ने अपनी सूझबूझ और संवेदनशीलता दिखाते हुए स्थिति को भांप लिया और तुरंत डिप्टी स्टेशन सुप्रिटेंडेंट  एन.के. कदम को सूचना दी। कदम ने बिना विलंब किए डॉ. अभिषेक और रेलवे की मेडिकल टीम को बुलवाया। तत्पश्चात, महिला को चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ, एवं पाली प्रभारी एस.के. बिलिंगिया के सहयोग से सुरक्षित रूप से महिला प्रतीक्षालय में ले जाया गया। डॉक्टर की निगरानी में महिला की सफल डिलीवरी कराई गई और उन्होंने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद जच्चा-बच्चा को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इस संपूर्ण प्रक्रिया में 6/14 स्विफ्ट टीम के सभी चेकिंग स्टाफ और सुरक्षा बलों ने अनुकरणीय समन्वय और मानवीय सेवा भावना का परिचय दिया। यात्रियों और आमजन द्वारा रेलवे कर्मचारियों की तत्परता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की जा रही है।