Home उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के सदस्य डा अफरोज अहमद ने सिद्धार्थनगर में जिला...

राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के सदस्य डा अफरोज अहमद ने सिद्धार्थनगर में जिला पर्यावरण योजना की समीक्षा की

SIDHARTHNAGAR NEWS: राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण, नई दिल्ली के न्यायाधीश एवं सदस्य डा अफरोज अहमद ने शुक्रवार को जनपद सिद्धार्थनगर में जिला पर्यावरण योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। अपरान्ह एक बजे लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित बैठक में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला पर्यावरण समिति के अध्यक्ष शिवशरणप्पा जी एन ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय निदेशक, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, उप श्रमायुक्त, मनरेगा, क्षेत्रीय अधिकारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बस्ती सहित जिला पर्यावरण समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रभागीय निदेशक एवं जिला पर्यावरण समिति के सदस्य सचिव द्वारा न्यायाधिकरण के सदस्य डा अफरोज अहमद को जनपद में संचालित जिला पर्यावरण योजना की प्रगति से अवगत कराया गया। इसके उपरांत डा अफरोज अहमद ने योजना की समीक्षा करते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन तथा वायु प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण पर्यावरणीय मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जनपद में पर्यावरणीय सुधार से जुड़े विकास कार्यों, जैसे एसटीपी निर्माण, वृक्षारोपण एवं अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। डा अफरोज अहमद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रूप से कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना आवश्यक है, क्योंकि इससे ही क्षेत्र की समग्र प्रगति संभव है। बैठक के अंत में अधिकारियों को पर्यावरणीय मानकों के प्रभावी अनुपालन हेतु निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए गए।