Home उत्तर प्रदेश राम–केवट संवाद देखने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

राम–केवट संवाद देखने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

FATEHPUR NEWS: हसवा विकास खंड के अंतर्गत कस्बे में स्थित श्री 108 स्वामी नागा निर्वाण जी महाराज की तपोस्थली आश्रम परिसर में स्थित इंटर कॉलेज में पहली बार दो दिवसीय रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। रामलीला के पहले दिन सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा राम–केवट संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार 14 मार्च की रात आयोजित रामलीला में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के गंगा पार जाने के प्रसंग का मार्मिक मंचन किया गया। संवाद के दौरान केवट को आभास हो जाता है कि भगवान राम साक्षात ईश्वर के अवतार हैं। इसके बाद केवट विनम्र भाव से भगवान राम से निवेदन करता है कि वह उनके चरण धोए बिना उन्हें अपनी नाव में नहीं बैठाएगा। संवाद के दौरान केवट भगवान राम से कहता है कि कहीं ऐसा न हो कि उनकी नाव भी किसी स्त्री के रूप में बदल जाए, क्योंकि यही उसकी जीविका का एकमात्र साधन है। राम और केवट के बीच हुए इस करुण और भावपूर्ण संवाद ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कई श्रद्धालु भावुक भी हो उठे। अंत में केवट ने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के चरण धोकर उस पवित्र जल को अपने मस्तक से लगाया और अपने परिवार के लोगों से भी ऐसा करने को कहा। भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ रामलीला का पहला दिन संपन्न हुआ। संरक्षक प्रधानाचार्य अतुल तिवारी, आयोजक होरीलाल तिवारी, व्यवस्थापक नामदेव सिंह, विक्रम सिंह, जय सिंह, सहसंयोजक शशि पांडे और कोषाध्यक्ष रामशरण तिवारी ने बताया कि कस्बे में पहली बार रामलीला का मंचन कराया जा रहा है, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रामलीला के दौरान सहयोगी वीरेंद्र सिंह, शोभा सिंह, त्रिभुवन, सत्यम सिंह, अंकित सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।