Home आस्था रामलीला में प्रभु राम के चरण स्पर्श से अहिल्या का हुआ उद्धार

रामलीला में प्रभु राम के चरण स्पर्श से अहिल्या का हुआ उद्धार

सुल्तानपुर घोष की ऐतिहासिक रामलीला में अजूबा कानपुरी ने लूटी वाहवाही
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के सुल्तानपुर घोष कस्बे में चल रही ऐतिहासिक रामलीला के तीसरे दिन अहिल्या उद्धार एवं जनक बाजार फुलवारी लीला का भव्य मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के चरण स्पर्श से शिला रूपी अहिल्या का उद्धार होते ही पूरा पंडाल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। अहिल्या की भूमिका निभा रहे अजूबा कानपुरी ने अपने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। दर्शकों ने उनके प्रदर्शन पर तालियों की गड़गड़ाहट से मंच गुंजायमान कर दिया। इसके बाद मंचित जनक बाजार फुलवारी लीला में माली के रूप में भी अजूबा कानपुरी का अभिनय बेहद सराहनीय रहा। लीला के दौरान दिखाया गया कि जब प्रभु श्रीराम छोटे भाई लक्ष्मण के साथ वन भ्रमण पर थे, तभी उनके चरण एक शिला से स्पर्श हुए और वह शिला अहिल्या के रूप में प्रकट होकर अपने श्राप से मुक्त हो गईं। इसके बाद दोनों भाई राजा जनक की फुलवारी पहुंचे, जहां माता सीता से प्रभु श्रीराम की पहली भेंट हुई। इस मनोहर दृश्य को देख दर्शक भावविभोर हो उठे। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित यह प्रसंग मंच पर बड़े ही सुंदर और भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। मंच पर अजूबा कानपुरी, राधिका और नेहा के शानदार अभिनय ने पूरी लीला को जीवंत बना दिया। वहीं सोमवार को धनुष भंग की लीला बाहरी कलाकारों द्वारा आयोजित हुई।