शोभायात्रा मार्गों का निरीक्षण, बिजली-पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
नई परंपराओं पर रोक, अनुमति लेना अनिवार्य
FATEHPUR NEWS: आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने की। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार को आपसी सौहार्द और पुरानी परंपराओं के अनुसार ही मनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। डीएम ने उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि शोभायात्रा, मेले और भंडारे के स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर लें। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर ढीले बिजली तारों को ठीक कराया जाए तथा सड़कों के गड्ढों को भरवाया जाए, ताकि किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों को साफ-सफाई, चूना छिड़काव और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रमुख स्थलों पर प्राथमिक उपचार, दवाएं और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। फायर सेफ्टी के मद्देनजर आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि त्योहार में कोई नई परंपरा लागू नहीं होगी और सभी आयोजकों को पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है और सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस नौशीन, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, व्यापार मंडल एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।







