MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) बुधवार को ग्राम मलुआ विकासखंड पटेहरा कलां विधानसभा मड़िहान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप पार्क के लोकार्पण एवं संगोष्ठी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने फीता काटकर पार्क का विधिवत लोकार्पण किया। इससे पूर्व कार्यक्रम के आयोजक सत्येंद्र कुमार सिंह एवं जयमोहर सिंह ने सांसद का माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने संबोधन में सिंह ने कहा कि प्रत्येक गांव में ऐसे पार्कों का निर्माण होना चाहिए तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज गांव भी किसी शहर से कम नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश का प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनाए, स्वस्थ रहे और सशक्त बने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गांवों का तेजी से विकास हो रहा है और जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। कार्यक्रम के अंत में मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने अपने विधानसभा क्षेत्र में पधारे राष्ट्रीय महासचिव का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आयोजक सत्येंद्र कुमार सिंह, जयमोहर सिंह, ग्राम प्रधान दिव्या सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







