JAUNPUR NEWS: राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन में विद्युत, पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में मंत्री ने निर्देश दिया कि जनपद की विद्युत व्यवस्था सुचारू रहे, इसके लिए बार-बार जलने वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए और जर्जर तारों को प्राथमिकता पर बदला जाए। मनिहा सबस्टेशन को शीघ्र संचालन में लाने का निर्देश दिया गया। गलत बिलिंग की शिकायतों के समाधान पर जोर देते हुए अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों व आमजन के फोन अनिवार्य रूप से रिसीव करने व आवश्यकतानुसार कॉल बैक करने को कहा। साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व पत्रकारों को जोड़कर एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने गभिरन और पुरानी बाजार क्षेत्र में नए सबस्टेशन के लिए भूमि चिन्हित करने और हुसैनाबाद, सिपाह, रामघाट क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि सुनिश्चित करने को कहा। जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा कर मैनपावर बढ़ाने व जमीन उपलब्ध कराने हेतु उपजिलाधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी सड़कों में गड्ढों की मरम्मत, सीवर कार्य की प्रगति और निर्माणाधीन सेतु कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष बल दिया गया। नगर पालिका को नियमित सफाई कराने का आदेश दिया गया। बैठक में मंत्री प्रतिनिधि अजय सिंह, एसई विद्युत रमेश चंद्र, रामदास, एसडीओ, जेई व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







