Home उत्तर प्रदेश राजकीय रोडवेज बस स्टैंड बसों का संचालन न होने से पसरा सन्नाटा

राजकीय रोडवेज बस स्टैंड बसों का संचालन न होने से पसरा सन्नाटा

डग्गामार वाहनों की कट रही है खूब जमकर चांदी

BHADOHI NEWS: राजकीय रोडवेज बस स्टैंड में महीनों से बसों का आवागमन नही हो रहा है। जिसके चलते बस स्टैंड में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं यात्रियों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इसके कारण डग्गामार वाहन चालकों की खूब चांदी कट रही है। शासन द्वारा दो करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से औराई में राजकीय बस स्टैंड का निर्माण कराया गया है। जो महीनों से मात्र शो पीस बनकर रह गया है। रोडवेज व अनुबंधित बसें औराई ओवरब्रिज से फर्राटा भरते हुए निकल जा रहे हैं और यात्री इंतजार करते-करते डग्गामार वाहनों पर सवार हो जा रहे हैं। औराई बस स्टैंड में बसों के न रूकने से प्रयागराज, वाराणसी जौनपुर, मिर्जापुर इत्यादि स्थानों पर आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि डग्गामार वाहनों द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जा रहा है। जिसके यात्रियों की जेब ढीली हो जा रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि महीनों से राजकीय रोडवेज बस स्टैंड पूर्ण रूप से बंद पड़ा है। परंतु संबंधित विभाग के अधिकारियों के कान तक जूं नहीं रेंग रहे हैं। हालांकि तहसील दिवस पर उच्चाधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन बंद पड़े रोडवेज बस स्टैंड पर किसी की नजर नहीं पड़ रही है। क्षेत्रीय नागरिकों एवं यात्रियों ने उच्चाधिकारियों से रोडवेज बस स्टैंड को शीघ्र हीं संचालित कराने का मांग की है। जिससे यात्रियों को यात्रा में सहूलियत मिल सके।
शीघ्र शुरू हो जाएगा बसों का संचालनर: क्षेत्रीय प्रबंधक
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक वाराणसी परशुराम पांडेय ने कहा कि औराई राजकीय रोडवेज बस स्टैंड को शीघ्र हीं शुरू करा लिया जाएगा। जहां से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर रोडवेज बसों को संचालित कराया जाएगा।