भाषण, निबंध, सलाद सज्जा व प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
FATEHPUR NEWS: डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को विभिन्न विभागों के संयुक्त तत्वावधान में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सृजनात्मकता, कौशल विकास एवं व्यावहारिक ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा। समाजशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित भाषण प्रतियोगिता “राष्ट्र निर्माण में छात्राओं की भूमिका” विषय पर हुई, जिसमें श्रेया श्रीवास्तव ने प्रथम, नाज़ ने द्वितीय तथा दीपिका कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं “सोशल मीडिया का सामाजिक जीवन पर प्रभाव” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में श्रेया श्रीवास्तव प्रथम, खुशी गुप्ता द्वितीय और आसिफा परवीन तृतीय स्थान पर रहीं। गृह विज्ञान विभाग द्वारा सलाद सज्जा, पौष्टिक व्यंजन और अपशिष्ट से उपयोगी वस्तु प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सलाद सज्जा में स्वर्णिमा निषाद प्रथम, खुशी द्वितीय और महविश तृतीय रहीं। पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता में प्रीती प्रथम, शिखा द्वितीय और प्रीती देवी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं अपशिष्ट से उपयोगी वस्तु प्रतियोगिता में जुबैदा ने प्रथम, जैनब खान ने द्वितीय तथा फरहीन नाज़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उर्दू विभाग द्वारा प्रश्नोत्तरी, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में प्रो. शकुंतला, प्रो. प्रशांत द्विवेदी, प्रो. लक्ष्मीना भारती, डॉ. रमेश सिंह, डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति, डॉ. चारू मिश्रा, डॉ. अनुष्का छोंकर, डॉ. ब्रजेश कुमार पाल, डॉ. जिया तस्नीम, डॉ. चंद्रभूषण सिंह, डॉ. राजकुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
Home उत्तर प्रदेश राजकीय महिला महाविद्यालय में प्रतिभाओं का संगम, प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई...







