बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा चलाए जा रहा महाअभियान में जुड़ रहे हजारों लोग
FATEPUR NEWS: “एक राखी बुंदेलखंड के नाम” महाअभियान के अंतर्गत बुधवार को 21वें दिन विकास खंड धाता के गढ़वा ग्राम स्थित प्राथमिक विद्यालय में जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रामीणों, महिलाओं, छात्रों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से कार्यक्रम भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा। मुख्य अतिथि बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ‘बुंदेलखंडी’ ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, यह राखी अब मात्र धागा नहीं, संघर्ष और अधिकार की प्रतीक बन चुकी है। बहनों की राखियों में अब पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग की आवाज़ है। मोदी जी को यह भावनाएं जरूर सुननी होंगी। कार्यक्रम संयोजक श्याम यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गढ़वा ग्राम के हर घर से महिलाएं और बालिकाएं आगे आईं और अपने हाथों से बनी राखियाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजीं। यह अभियान अब जन-जन का अभियान बनता जा रहा है। कार्यक्रम में बच्चों ने चित्र बनाकर राखियों के साथ भेजे, वहीं बुजुर्गों ने अपने आशीर्वाद और भावनाओं के साथ पत्र लिखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग की है। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय शिक्षकों एवं समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। अंत में सैकड़ों राखियाँ एकत्र कर डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय प्रेषित की गई हैं।







