PRAYAGRAJ NEWS: हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद के सत्र 2025-26 के चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश पांडेय उर्फ बबुआ अध्यक्ष निर्वाचित हुए। जबकि अखिलेश कुमार शर्मा महासचिव पद पर विजयी हुएं। गौरतलब हो कि राकेश पांडेय बबुआ को 2,121 मत मिले और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपी उपाध्याय को पराजित किया, जिन्हें 1,928 मत मिले। इस तरह श्री बबुआ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से 193 से विजयी रहे। अशोक कुमार सिंह 1,734 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
राकेश पांडेय तीसरी बार बने अध्यक्ष
मतगणना के 83 राउंड हुए और 8,332 वोटों की गिनती हुई। 25 मत अवैध तथा 18 रिक्त रहे। अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी थे। वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश पांडेय बबुआ तीसरी बार हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
महासचिव अखिलेश शर्मा 937 वोट से विजयी
कार्यकारिणी के दूसरे सबसे प्रतिष्ठापरक महासचिव पद पर अखिलेश शर्मा की प्रभावी जीत हुई है। उन्हें 2,885 अधिवक्ताओं का समर्थन मिला। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राय साहब यादव रहे, जिन्हें 1,948 वोट मिले। अखिलेश शर्मा 937 वोटों जीते। पिछले वर्ष वह करीब 90 वोट से चुनाव में हारे थे। माना जा रहा है कि उन्हें सहानुभूति लहर ने यह जर्बदस्त जीत दिलाई है। मतदान से पहले ही ऐसा माना जा रहा था।
परिणाम आने में लगा समय
28 सदस्यीय कार्यकारिणी के सभी परिणाम की घोषणा होने में लगभग एक पखवाड़े का समय लग जाएगा। वर्ष 2024 में भी ऐसा ही हुआ था। शुक्रवार 25 जुलाई से पद वार मतपत्रों की छटाई के पश्चात मतगणना शुरू हुई थी। इस बार मतदाताओं की कुल संख्या 9,718 थी और इनमें 85.74 प्रतिशत यानी 8,337 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग 23 जुलाई को किया था।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर धर्मेंद्र, संयुक्त सचिव पर शशि की बढ़त
विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की संख्या 200 है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 25 राउंड के बाद धर्मेंद्र सिंह यादव मात्र 10 वोटों से निकटतम कमलेश कुमार द्विवेदी से आगे हैं। संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर बैरिस्टर सिंह की बढ़त बनी है। संयुक्त सचिव ( लाइब्रेरी) पद पर शशि कुमार द्विवेदी बढ़त बनाए हुए हैं।







