Home उत्तर प्रदेश यूपी बोर्ड परीक्षा में पांच सॉल्वर पकड़े गए, मुकदमा दर्ज

यूपी बोर्ड परीक्षा में पांच सॉल्वर पकड़े गए, मुकदमा दर्ज

गणित पेपर में धांधली का भंडाफोड़, सचल दल की छापेमारी

पांच युवकों को दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया

मान्यता रद्द करने की तैयारी, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शुक्रवार को प्रथम पाली में आयोजित गणित की परीक्षा में दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा देते हुए पांच सॉल्वर पकड़े गए। कार्रवाई जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राजेश कुमार के निर्देश पर सचल दल द्वारा की गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि गुरुवार से ही इनपुट मिल रहा था कि कुछ परीक्षार्थी दूसरों के स्थान पर परीक्षा दे रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज, दानियालपुर में छापेमारी की। जांच के दौरान पांच छात्रों को फर्जी तरीके से परीक्षा देते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि रवि, ओपी यादव इंटर कॉलेज के छात्र आसिफ की जगह परीक्षा दे रहा था। मेवाराम विद्या ज्ञान इंटर कॉलेज के छात्र अफजल की जगह गणेश तथा शिवकुमार की जगह लक्ष्मण परीक्षा दे रहा था। वहीं आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सीतापुर बहरामपुर के छात्र गुलाम वारिश की जगह युवराज और सौरभ की जगह प्रदीप परीक्षा दे रहे थे। पकड़े गए छात्रों ने पूछताछ में ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार एकारी और संबंधित प्रधानाचार्य का नाम भी लिया है। सभी आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है तथा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जिन विद्यालयों में इन छात्रों का पंजीकरण है, उनकी मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।