Home उत्तर प्रदेश यमुना खतरे के निशान से ऊपर, बेतवा का जलस्तर भी बढ़ा

यमुना खतरे के निशान से ऊपर, बेतवा का जलस्तर भी बढ़ा

JALAUN NEWS: जनपद में बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। यमुना नदी का जलस्तर कालपी में गुरुवार सुबह 10 बजे तक 109.280 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो खतरे के निशान 108 मीटर से ऊपर पहुंच चुका है। नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है और हर घंटे औसतन 7–8 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी तरह बेतवा नदी का जलस्तर मोहाना में भी तेजी से बढ़ रहा है। सुबह 10 बजे तक बेतवा 119.000 मीटर तक पहुंच चुकी थी। हालांकि अभी यह खतरे के स्तर 122.644 मीटर से नीचे है, लेकिन बढ़ोतरी की रफ्तार चिंता बढ़ा रही है। यमुना के खतरे के निशान पार करने से कालपी और आसपास के निचले इलाकों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं और नावों व मोटरबोटों को राहत कार्यों के लिए तैनात किया गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने लोगों से अपील की है कि नदी के किनारे और निचले इलाकों में सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल फ्लड कंट्रोल रूम को दें। अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव दल चौबीसों घंटे तैयार हैं।