PRAYAGRAJ NEWS: बारा तहसील परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब तहसील भवन की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। इस घटना में वहां मौजूद तीन लोग बाल-बाल बच गए।गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तहसील भवन में सामान्य दिनों की तरह लोगों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान अचानकछत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। तेज आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। घटना के समय ठीक नीचे खड़े तीन लोग किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे।स्थानीय लोगों के अनुसार, तहसील भवन काफी पुराना हो चुका है और उसकी हालत जर्जर है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को सूचित किया गया था,लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस घटना ने प्रशासन की कथित लापरवाही को उजागर किया है। जानकारी के अनुसार, लगभग एक महीने पहले जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष वर्मा ने बारा तहसील का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की थी और आवश्यक मरम्मत के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद, संबंधित विभाग ने इस दिशा में कोई गंभीर पहल नहीं की, जिसका परिणाम आज सामने आया। घटना के बाद तहसील परिसर में मौजूद लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य करा लिया जाता तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अब भी ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन के अधिकारी मौकेबपर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही भवन की मरम्मत कराई जाएगी और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। फिलहाल, इस घटना के बाद तहसील परिसर में आने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भवन की तत्काल जांच कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए।







