FATEHPUR NEWS: सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, रघुवंशपुरम में मेधा अलंकरण एवं अभिभावक सम्मान समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया, वहीं अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति विशेष जागरूक अभिभावकों को भी मंच से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिद्धेश्वर धाम लालपुर के महंत बाल चैतन्य ब्रह्मचारी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक शिव शंकर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण कुमार मिश्रा (मुन्ना मिश्रा), पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष मिश्रा, पुष्पराज पटेल, विनय तिवारी एवं विवेक नगर की गरिमा मौजूद रहीं। परीक्षा परिणाम में कक्षा 7A के छात्र विजेंद्र प्रताप सिंह ने 99.56 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 9B3 की प्रतिभा सिंह ने 99.08 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में आयुषी वर्मा ने 99 प्रतिशत अंक पाकर तृतीय स्थान हासिल किया। समारोह के दौरान कुल 105 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जबकि शिक्षा के प्रति विशेष रूप से सजग 215 अभिभावकों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय के प्रबंधक राकेश कुमार त्रिवेदी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के साथ-साथ संस्कारयुक्त शिक्षा देने के लिए जाना जाता है। भविष्य में स्मार्ट बोर्ड एवं प्रत्येक कक्षा में कंप्यूटर जैसी आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को और बेहतर शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवबाबू, खागा शाखा के प्रधानाचार्य राज कपूर सिंह, गंगानगर शाखा के प्रधानाचार्य मोहित सहित समस्त स्टाफ कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय रूप से जुटा रहा। कार्यक्रम पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।







