Home आस्था मेडिकल कॉलेज में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने...

मेडिकल कॉलेज में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

PRAYAGRAJ NEWS: मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कॉलेज परिसर को आकर्षक फूलों, झांकियों और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भक्ति नृत्य, गीत और कृष्ण लीला की झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) वीके. पाण्डेय मुख्य अतिथि थे। पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. एसपी. सिंह, डॉ. वत्सला मिश्रा, कल्चरल कमेटी इंचार्ज डॉ. सूबिया, डॉ. मोनिका, डॉ. रीना, डॉ. कविता, डॉ. राकेश चंद्र चौरसिया, डॉ. अभिषेक और डॉ. अर्चना सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, जूनियर डॉक्टर तथा बड़ी संख्या में छात्र – छात्राएं उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बालगोपाल की अदाओं, माखन-चोरी की लीला और रासलीला के मनोहारी चित्रण ने वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। कॉलेज प्रांगण श्रीकृष्ण भक्ति के जयकारों—“नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की”—से गूंज उठा।