Home उत्तर प्रदेश मेडिकल कॉलेज में जटिल एड्रिनल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, 40 वर्षीय महिला...

मेडिकल कॉलेज में जटिल एड्रिनल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, 40 वर्षीय महिला को मिला नया जीवन

2
0

प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबद्ध स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय के सर्जनों ने एक जटिल एवं विशाल एड्रिनल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। झूंसी निवासी 40 वर्षीय अर्चना पिछले एक वर्ष से पेट में गांठ एवं लगातार असहजता की समस्या से ग्रसित थीं। जांच के दौरान उनके पेट में दाईं ओर सबकॉस्टल एवं लम्बर क्षेत्र से लेकर नाभि तक फैला लगभग 16×15.7×19 सेमी आकार का बड़ा ट्यूमर पाया गया। प्रारंभ में उन्होंने वाराणसी के निजी चिकित्सकों से उपचार कराया, लेकिन अपेक्षित लाभ नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने 28 मार्च 2026 को एसआरएन अस्पताल में भर्ती होकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
विस्तृत जांच एवं मूल्यांकन के पश्चात उन्हें नॉन-फंक्शनल एड्रिनल मास से ग्रसित पाया गया। मरीज की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने 30 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक जटिल सर्जरी कर ट्यूमर को निकाल दिया। वर्तमान में मरीज की स्थिति स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं। इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. वीके पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें सर्जरी टीम में डॉ. रवि राज पाटिल, डॉ. विश्वजीत वाजपेयी, डॉ. मोनिका सिंह, डॉ. आदर्श सिंह, डॉ. अंजलि, डॉ. अर्पित मिश्रा एवं डॉ. अभिषेक मौर्य शामिल रहे। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अनिल सिंह, डॉ. पल्लवी सूद, डॉ. उत्कर्ष, डॉ. प्रणया, डॉ. एकता तथा स्टाफ नर्स सुशीला का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस सफलता पर प्राचार्य प्रो. डॉ. वीके पांडेय ने कहा कि “इतने बड़े आकार के एड्रिनल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन हमारे संस्थान की सर्जिकल दक्षता, टीमवर्क और समर्पण को दर्शाता है। मेडिकल कॉलेज में जटिल से जटिल सर्जरी अब सफलतापूर्वक की जा रही हैं, जिससे मरीजों को महानगरों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। हमारा उद्देश्य है कि प्रयागराज में ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।”
एड्रिनल ग्रंथि के इतने बड़े ट्यूमर का ऑपरेशन अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है, जिसमें उच्च स्तरीय तकनीकी कौशल एवं समन्वित टीमवर्क की आवश्यकता होती है। इस सफल सर्जरी ने न केवल मरीज को नया जीवन प्रदान किया है, बल्कि संस्थान की उन्नत चिकित्सा सेवाओं को भी प्रमाणित किया है।