Home उत्तर प्रदेश मृतक बीएलओ अखिलेश सविता के घर पहुंचा प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल

मृतक बीएलओ अखिलेश सविता के घर पहुंचा प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल

कांग्रेस ने 50 लाख मुआवजा व पत्नी को नौकरी देने की उठाई मांग

FATEHPUR NEWS: बिंदकी तहसील क्षेत्र के अलियाबाद गांव निवासी शिक्षामित्र एवं बीएलओ अखिलेश सविता द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल उनके आवास पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
परिजनों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मृतक अखिलेश सविता अपनी पुत्री की शादी का कार्ड लेकर चार बार अवकाश के लिए बिंदकी एसडीएम से मिले थे, लेकिन उन्हें छुट्टी नहीं दी गई। इसी से क्षुब्ध होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने यह भी बताया कि मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में अपनी मौत का जिम्मेदार चुनाव आयोग को ठहराया गया है। परिवार के लोगों ने बताया कि प्रशासन की ओर से अभी तक साढ़े सात लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है, जबकि शेष साढ़े बारह लाख रुपये स्वीकृति के बाद देने की बात कही गई है। मामले की जानकारी लेने के बाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि परिवार की स्थिति को देखते हुए यह मुआवजा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के आश्रितों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और मृतक की पत्नी को उनके स्थान पर नौकरी प्रदान की जाए। बताया गया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी परिजनों से मिलने आने वाले थे, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा, प्रयागराज अध्यक्ष फुजैल हाशमी, गंगापार अध्यक्ष अशफाक हुसैन, कौशांबी अध्यक्ष गौरव पांडेय, कानपुर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, रायबरेली अध्यक्ष पंकज तिवारी, हरिकेश त्रिपाठी, किशोर वार्ष्णेय, कलीम उल्ला सिद्दीकी, पप्पू पाल, देवी प्रकाश दुबे, ओम प्रकाश कोरी, बाबर खान, निजामुद्दीन, पंडित रामनरेश महाराज, प्रशांत शुक्ला, सुधीश पांडेय, ऋषभ पांडेय, सलीम खान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।