PRATAPGARH NEWS: प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत सगरा सुंदरपुर बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा सगरा सुंदरपुर ने मृतक आश्रित को मुआवजे का चेक सौंपा। चेक पाकर मृतक आश्रित के चेहरे पर राहत भरी खुशी दिखी। लीलापुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गुलरहा गांव के सूरज सरोज भारतीय स्टेट बैंक सगरा सुंदरपुर में खाताधारक थे। बैंक की ओर से उसका चार सौ छत्तीस रुपये का बीमा भी किया गया था। सूरज सरोज की बीते अठारह मार्च 2025 को एक दुर्घटना में असामयिक मौत हो गयी थी। इसकी जानकारी होने के बाद बैंक शाखा की ओर से मृतक के पिता बैजनाथ सरोज को दो लाख रुपये का चेक सौंपा गया। योजना से लाभान्वित होने पर मृतक आश्रित ने बैंक प्रबन्धन के प्रति आभार जताया। शाखा प्रबन्धक सुशील कुमार दुबे ने कहा कि सरकार की यह कल्याणकारी योजना है। हर खाताधारक को चार सौ छत्तीस रुपये का बीमा अवश्य कराना चाहिए। जिससे किसी प्रकार की घटना होने पर आश्रित को उसका लाभ मिल सके। इस मौके रोकड़ अधिकारी सपना राजपूत एवं समस्त स्टाफ तथा सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बालेंद्र कुमार ओझा आदि मौजूद रहे।







