BHOPAL NEWS: मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की गयी। जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को मिशन कर्मयोगी के तहत साधना सप्ताह में आई गॉट के माध्यम से अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत स्वाबलंबी ग्राम पंचायतों के डीपीआर तैयार करें ताकि खेत का पानी खेत में व गांव का पानी गांव में ही रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने गत वर्षों के कार्यों को अभियान चलाकर पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने अमृतसरोबर, एक बगिया माँ के नाम तथा अटल पंचायत भवनों के कार्यों को निश्चित समयावधि में पूर्ण कराते हुए सीसी जारी कर पोर्टल में अपलोड करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। विभागीय योजनाओं से संबंधित शिकायतों के जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने एवं चयनित वृंदावन गांव का विजन डाक्यूमेंट तैयार कराने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत द्वारा दिये गये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में जिन हितग्राहियों को किस्त की राशि जारी नहीं हुई है उन्हें राशि जारी करें तथा जिन हितग्राहियों के एफटीओ लंबित हैं उन्हें परीक्षण कराकर पूरा करायें तथा विगत वर्षों से लंबित आवास को चिन्हांकित कराकर पूर्ण करायें। बैठक में ग्राम पंचायतों में लंबित बिजली बिल के भुगतान की कार्यवाही करने के निर्देश जनपद के सीईओ को दिये गये। बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, लेखा अधिकारी, एपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







