कक्षा 11 की छात्रा सौम्या प्रजापति ने सुनी फरियादें, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
JHANSI NEWS: महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बड़ागांव थाने में एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ागांव इंटर कॉलेज बड़ागांव की छात्रा सौम्या प्रजापति को एक दिन के लिए बड़ागांव थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया। नव-नियुक्त थानाध्यक्ष सौम्या प्रजापति को पुलिस अधिकारियों ने थाने की कार्यप्रणाली से अवगत कराया और पूरे परिसर का भ्रमण करवाया। इस दौरान सौम्या ने न केवल पुलिस कार्यों की जानकारी ली बल्कि जनसुनवाई भी की। उन्होंने फरियादियों की समस्याएँ ध्यान से सुनीं और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सौम्या ने महिला शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया और मिशन शक्ति के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। सौम्या प्रजापति का उद्बोधन कार्यक्रम के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए सौम्या ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए बहुत ही विशेष है। मैंने कभी सोचा नहीं था कि मुझे थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलेगा। यहां आकर मुझे यह अनुभव हुआ कि पुलिस जनता की समस्याओं को कितनी गंभीरता से सुनती है और उनका समाधान करती है। इस अनुभव से मेरा आत्मविश्वास और बढ़ा है तथा अब मैं अपने जीवन में और मेहनत करके समाज की सेवा करना चाहती हूँ।”सौम्या ने सभी छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और निडर होकर अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करें। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने विद्यालय की छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा—पुलिस व्यवस्था केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना जगाने का भी कार्य करती है। हम सबका कर्तव्य है कि हम महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में जागरूक रहें। छात्राओं को चाहिए कि वे निडर होकर आगे बढ़ें, अपने अधिकारों को जानें और किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस की मदद लेने में संकोच न करें। पुलिस सदैव जनता की सेवा के लिए तत्पर है।” उन्होंने छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता, एस आई अनुज कुमार, महिला कास्टेबल रुचि शुक्ला,
कांस्टेबल विक्रम नागा, कांस्टेबल चंद्रशेखर राजपूत, महिला कांस्टेबल सुनीता पाल, कांस्टेबल विकास कुमार, हेड मोहरिर जितेंद्र सिंह सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।







