Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति तहत महिला एवं बालिका जागरूकता अभियान तेज

मिशन शक्ति तहत महिला एवं बालिका जागरूकता अभियान तेज

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। बुधवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने जनपद के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी पंपलेट के माध्यम से दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। टीम द्वारा मोबाइल में पैनिक बटन एवं इमरजेंसी कॉल की प्रक्रिया का डेमो भी देकर महिलाओं को तकनीकी रूप से जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने मिशन शक्ति को एक सराहनीय पहल बताते हुए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति फेज–5.0 के अंतर्गत आगे भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे, जिससे महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।