FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। इस दौरान टीमों ने पंपलेट वितरित कर सरकार और पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना तथा महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी अवगत कराया गया। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। टीमों ने मोबाइल के पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल की सुविधा का डेमो देकर भी जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में बिना झिझक इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।







