एंटी रोमियो टीम ने बाजार, चौराहों व स्कूल-कॉलेजों में चलाया जागरूकता अभियान
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो टीम ने बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं को उनकी सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना तथा महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक करते हुए मोबाइल पर पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल का डेमो भी दिखाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।







