Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

विभिन्न योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
FATEHPUR NEWS : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत शनिवार को जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान पंपलेट वितरित कर शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी बताया गया तथा मोबाइल में पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल का डेमो भी दिया गया।