Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति के तहत पुलिस ने गांव में लगाई चौपाल

मिशन शक्ति के तहत पुलिस ने गांव में लगाई चौपाल

महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकार और साइबर अपराधों से बचाव हेतु दी गई जानकारी

ETAWA NEWS: अजीतमल कोतवाली पुलिस ने रविवार को गोहानी गांव में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला एवं बालिका जागरूकता चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, महिला अपराधों से बचाव तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया. चौपाल के दौरान पुलिस टीम द्वारा महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों पर विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को छुपाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देना ही सुरक्षित समाधान है। सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग को देखते हुए फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर व व्हाट्सएप पर अज्ञात मित्रता, ओटीपी साझा करने, फर्जी लिंक, ऑनलाइन लॉटरी व इनाम के झांसे से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही बताया गया कि साइबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों-1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 102, 108 (एम्बुलेंस), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 और 1078-की उपयोगिता की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुनीता यादव के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल पूनम सहित अन्य महिला पुलिस कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने महिलाओं से निर्भीक होकर अपनी समस्याएं साझा करने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता लेने की अपील की है, ग्रामीण महिलाओं ने इस जागरूकता चौपाल को समय की आवश्यकता बताते हुए अत्यंत उपयोगी करार दिया और मिशन शक्ति अभियान की सराहना की है।