FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद फतेहपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
टीमों द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (पैनिक बटन/मोबाइल डेमो सहित), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या में वे बिना भय के इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सकती हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर व सुरक्षित महसूस कराना रहा। मिशन शक्ति अभियान के तहत चलाए गए इस जागरूकता कार्यक्रम को महिलाओं एवं बालिकाओं ने सराहा और इसे सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।







