PRATAPGARH NEWS: महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को कुंडा वन विभाग ने अनोखी पहल की। इस पहल के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्राओं में से रॉयल हाई स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा खुशी तिवारी को एक दिन के लिए वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) की जिम्मेदारी सौंपी गई। वन विभाग के रेंजर आशीष सिंह की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में खुशी तिवारी ने सुबह कार्यालय पहुंचते ही शिकायती जनसुनवाई की और विभागीय प्रशासनिक कामकाज को करीब से समझा। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुनकर अपने विचार साझा किए और समाधान का प्रयास किया। दिनभर की जिम्मेदारी पूरी करने के बाद शाम को विभागीय अधिकारियों ने उन्हें पौधा भेंट कर सलामी देकर विदाई दी।
बेटियां बेटों से कम नहीं : रेंजर आशीष सिंह
वन क्षेत्राधिकारी आशीष सिंह ने कहा कि बेटियों को जिम्मेदारी सौंपकर यह संदेश दिया जा रहा है कि अवसर मिलने पर बेटियां भी बेटों की तरह हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि “यदि बेटियों को मौका मिले तो वे सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश की सेवा कर सकती हैं। इसका उदाहरण पाकिस्तान युद्ध के दौरान ऑपरेशन सिंदूर में देखने को मिला, जब बेटियों ने दुश्मनों के पसीने छुड़ा दिए थे।” इस अनोखी पहल से इलाके में मिशन शक्ति अभियान की खूब चर्चा हो रही है और स्थानीय लोगों ने खुशी तिवारी को शुभकामनाएं दीं।







