Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सावित्री तिवारी को बनाया गया एक दिन...

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सावित्री तिवारी को बनाया गया एक दिन का थाना प्रभारी

BALRAMPUR NEWS: (ब्यूरो प्रमुख) मिशन शक्ति अभियान जागरुकता कार्यक्रम में थाना रेहरा बाजार मिशन शक्ति टीम द्वारा रामलाल बालिका इंटर कॉलेज रेहरा बाजार की छात्राओं को विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जागरुक किया गया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक श्री दुर्गेश सिंह थाना रेहरा बाजार द्वारा इंटरमीडिएट छात्रा सावित्री तिवारी को एक दिवसीय प्रभारी निरीक्षक, थाना रेहरा बाजार बनाया गया। छात्रा के नेतृत्व में निम्नलिखित कार्यवाही की गई-
1. थाने पर आने वाले जनशिकायत प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की गई तथा त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया।
2. लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
3. मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त कर उसमें अपेक्षित सुधार हेतु निर्देश प्रदान किए गए।
4. थाने पर महिला आवेदिकाओं के बैठने एवं पेयजल की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा उसे और बेहतर करने हेतु सुझाव दिए गए।
5. थाना कार्यालय में नियुक्त समस्त कर्मचारीगण का परिचय कराया गया।
6. समस्त पुलिस कर्मियों से संवाद स्थापित कर उन्हें मिशन शक्ति के उद्देश्यों के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनने हेतु निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त छात्राओं को बाल विवाह निषेध, पॉक्सो एक्ट, साइबर क्राइम, यातायात नियम इत्यादि के संबंध में जागरूक किया गया।
साथ ही उत्तर प्रदेश शासन की प्रमुख हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई।इसके अतिरिक्त शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं – सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन आदि के विषय में जानकारी दी गई तथा पंफलेट वितरित किए गए।कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं से उनकी समस्याएँ पूछी गई, किसी द्वारा कोई समस्या नहीं बताई गई। अंत में सभी को कानून का पालन करने एवं समाज में जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया गया।