Home उत्तर प्रदेश मिलने की तमन्ना हो तो कफन हटा देना

मिलने की तमन्ना हो तो कफन हटा देना

MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चन्द्र पाण्डेय) कभी-कभी किसी से दिल लगाना भी दर्द का कारण बन जाता है। लोगों को शायद यह पता ही नहीं होता कि मुहब्बत की तकदीर में सिर्फ जुदाई लिखी होती है, मिलन नहीं  । प्रेम जुदाई में तड़प रहे एक युवक ने अपनी प्रेमिका को एक भावनात्मक व मार्मिक पत्र भेजा है जिसमें उसने एक शेर लिखा है “निकले जो जनाजा मेरा, दो फूल चढ़ा देना। मिलने की तमन्ना हो तो कफन हटा देना।” मामला पड़ोसी जनपद सोनभद्र के रेणुकट का है। विगत‌ दिनों एक बिहार के सासाराम निवासी एक युवक कहीं से मेरा पता लेकर मेरे  पास आया और अपनी प्रेमिका के लगभग चार दर्जन प्रेमपत्रों जो उसने उस युवक को लिखा था, साथ में प्रेमिका के साथ कई पोज में खिंचवाए दर्जनों फोटो, बनारस में मेरी स्टॉप्स क्लीनिक में प्रेमिका द्वारा कराये गये गर्भपात का प्रमाणपत्र, कई आडियो अश्लील बातचीत की क्लिप सहित दर्जनों प्रमाण देकर प्रेमिका के विरुद्ध खबर छापने का अनुनय-विनय करने लगा दरअसल बात यह थी कि युवक रेणुकूट में काम खोजने आया था। उसने एक सजातीय अधिकारी से सम्पर्क बढ़ाया और उनसे जीजा-साले का सम्बन्ध जोड़कर जीजा-जीजा कहते उनके घर में प्रवेश पा लिया। जीजा शब्द सुनकर अधिकारी भावुक हो गये और उन्होंने साले को आश्वस्त कर दिया कि तुम आते-जाते रहो और हमारे लड़कियों को कुछ पढ़ा-लिखा दिया करो। तब तक मैं तुम्हारे काम की व्यवस्था करता हूं।
प्रेमी उनकी बड़ी लड़की को किताब पढ़ाते पढ़ाते प्रेम का पाठ पढ़ाने लगा और किताब में छुपाकर प्रेम पत्रों का आदान प्रदान करने लगा। इसी बीच प्रेमिका गर्भवती भी हो गई।  इसकी जानकारी अधिकारी व उनकी पत्नी को हो गई उन सबने युवक को जहरीला नाग कहकर मारा-पीटा और भगा दिया तथा बनारस ले जाकर लड़की का गर्भपात करा दिया। फिर भी लड़की ने लड़के को सब ठीक हो जाने की बात कहकर सब्र रखने को कहा। उतावले पन में युवक ने अधिकारी के घर के बाहर जाकर बम फोड़ देने की धमकी देकर लड़की का हाथ मांगने लगा। चारों ओर बदनामी होते देख लड़की भी विदक गई और उसने लड़के से हमेशा के लिए प्रेम संबंध विछेद कर लिया। आहत होकर प्रेमी ने अंतिम पत्र किसी माध्यम से लड़की तक भिजवाया। जिसमें ऊपर ही उपरोक्त शेर लिखा है। “निकले जो जनाजा मेरा तो फूल चढ़ा देना, मिलने की तमन्ना हो तो कफ़न हटा देना” युवक का मकसद यह था कि लड़की व उसका परिवार समाज में बदनाम हो जाएगा तो लड़की मजबूरी में उससे शादी कर लेगी। युवक के द्वारा दिए गए सारे साक्ष्य अपने हाथ में लेकर उसके सामने ही जला दिया। एक पत्रकार के नाते लड़की व उसके परिवार की निजता का ध्यान रखते हुए उस युवक को लड़की को भूल जाने की बात प्यार से समझाकर उसे वापस भेज दिया। समाचार लिखने का उद्देश्य मात्र यह है कि किसी अनजाने व्यक्ति से पारिवारिक रिश्ता रखने से पहले लोग हजार बार सोचें।