Home उत्तर प्रदेश मिर्जापुर में युवाओं ने लिया संकल्प “नशा छोड़ेंगे, देश जोड़ेंगे”

मिर्जापुर में युवाओं ने लिया संकल्प “नशा छोड़ेंगे, देश जोड़ेंगे”

MIRZAPUR NEWS: चिश्ती फाउंडेशन अजमेर की पहल पर सोमवार को “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान  के तहत मिर्जापुर में युवा शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लेकर नशा न करने और स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया। चिश्ती फाउंडेशन के चेयरमैन एवं अजमेर शरीफ दरगाह के गद्दीनशीन हाजी सलमान चिश्ती के दिशा-निर्देश पर फाउंडेशन  टीम के सदस्य आसिफ़ खान, मीम अफ़ज़ल, मोहम्मद शेखु और नवीद आलम ने मीरजापुर में गांव-गांव व शहर के अलग-अलग इलाकों में युवाओं को नशा न करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नवीद आलम ने कहा यह शपथ केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि 2047 तक विकसित भारत निर्माण की मजबूत नींव है। नशा शरीर को खोखला करता है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाना होगा। नशा न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह हमारे मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। नशे की आदत से मुक्त होकर हम एक स्वस्थ और सुखी जीवन जीने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। आइए, नशा मुक्त जीवन जीने का संकल्प लें और एक स्वस्थ और सुखी जीवन का आनंद लें। वही आसिफ़ खान ने कहा कि नई पीढ़ी का यह संकल्प देश को साफ संदेश देता है कि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सेवा की राह पर आगे बढ़ेंगे। मोहम्मद शेखु ने बताया कि मीरजापुर के युवाओं ने भी उत्साह के साथ भाग लेकर समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम चिश्ती फाउंडेशन, मेरा युवा भारत (MY भारत) अजमेर तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया।