PRATAPGARH NEWS: लालगंज कोतवाली के एक गांव में साढ़े चार वर्ष की मासूम के अपहरण को लेकर दर्ज हुए मुकदमे से नाराज पीड़ित मां ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगायी है। एसपी ने न्याय का पूरा भरोसा पीड़िता को दिलाया है। लालगंज कोतवाली के एक गांव की पीड़िता ने एसपी को दिये गये शिकायती प्रार्थना पत्र में कहा है कि बीती तीन मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे गांव का ही आरोपी विकास वर्मा उर्फ जेलर पुत्र हरकेश वर्मा उसकी साढ़े चार वर्षीया पुत्री को बदनीयती से जबरन उठा ले गया। खोजबीन के दौरान पीड़ित मासूम को गांव की बाग में छोडकर भाग निकला। पीड़िता मां का आरोप है कि बाग में मासूम बदहवाश मिली। उसने रोते हुए आरोपी द्वारा कपड़ा उतार देने की बात भी कही। आरोप है कि प्रकरण में पुलिस ने समुचित घटना पर कार्रवाई न करते हुए सिर्फ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर दिया। इधर आरोपी मुकदमें में समझौता करने का दबाव बनाते हुए जानलेवा धमकी दे रहा है। पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगायी है।







