घायल गाय को मिला समय पर उपचार
JHANSI NEWS: चिकित्सा सेवा को केवल मानव उपचार तक सीमित न रखते हुए यथार्थ हॉस्पिटल ने संवेदनशीलता, करुणा और सेवा भाव का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनता जा रहा है। यथार्थ हॉस्पिटल मानव सेवा के साथ-साथ पशु सेवा और विशेष रूप से गौ सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। यथार्थ हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर नितिन चौधरी एवं जनरल मैनेजर विकास कुमार के नेतृत्व में हॉस्पिटल की पूरी टीम सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए निरंतर सेवा कार्यों में संलग्न है। इसी क्रम में हाल ही में एक मानवीय संवेदना से जुड़ी घटना सामने आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यथार्थ हॉस्पिटल से कुछ दूरी पर हाईवे पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसी समय वहाँ से गुजर रहे यथार्थ हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर नितिन चौधरी एवं जनरल मैनेजर विकास कुमार की नजर सड़क किनारे तड़पती हुई घायल गाय पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना विलंब किए यथार्थ हॉस्पिटल की टीम को सूचित किया। सूचना मिलते ही हॉस्पिटल की मेडिकल एवं सपोर्ट टीम तत्काल मौके पर पहुँची और घायल गाय को सुरक्षित रूप से यथार्थ हॉस्पिटल परिसर में स्थित गौशाला में ले जाया गया। वहाँ पशु चिकित्सकीय देखरेख में गाय का त्वरित उपचार कराया गया। समय पर इलाज और समुचित देखभाल के चलते गाय की हालत में सुधार हुआ और अब वह सुरक्षित है।
यथार्थ हॉस्पिटल द्वारा किया गया यह कार्य यह सिद्ध करता है कि सेवा का भाव किसी एक प्रजाति तक सीमित नहीं होता। मानव सेवा के साथ-साथ पशु सेवा का यह उदाहरण समाज के लिए एक संदेश है कि पीड़ा चाहे किसी की भी हो, उसे समझना और दूर करना ही सच्ची सेवा है। यह भी कहा जाता है कि एक चिकित्सक ही किसी भी जीव के दर्द को सही मायनों में समझ सकता है। यथार्थ हॉस्पिटल की यह पहल उसी सोच को साकार करती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए करुणा, संवेदना और सेवा का मार्ग प्रशस्त करती है।







