उत्साहपूर्ण व लोकतांत्रिक माहौल में नई कार्यकारिणी का गठन
FATEHPUR NEWS: जनपद में माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) का वार्षिक चुनाव उत्साह, अनुशासन और लोकतांत्रिक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संरक्षक तरुण कुमार (प्रधानाचार्य) ने की, जबकि प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। चुनाव प्रक्रिया प्रदेश संरक्षक डॉ. हरि प्रकाश यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र वर्मा, प्रदेश आय-व्यय निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं मंडल अध्यक्ष अटेवा राकेश सिंह की उपस्थिति में संपन्न कराई गई। इस दौरान संगठन की मजबूती और शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा पर विशेष जोर दिया गया। चुनाव में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष पद पर वीरेंद्र कुमार (जनता इंटर कॉलेज, छिवलहा) को चुना गया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर नीलम गौतम एवं पंकज, महामंत्री पद पर दिनेश कुमार सैनी और आय-व्यय निरीक्षक पद पर रामबाबू मौर्य को जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रही, जिसकी उपस्थित शिक्षकों ने सराहना की। कार्यक्रम में प्रयागराज से पहुंचे जिला मंत्री डीपी यादव एवं मंडलीय मंत्री लक्ष्मी नारायण सिंह की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। प्रदेश संरक्षक डॉ. हरि प्रकाश यादव ने अपने संबोधन में संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और सेवा सुरक्षा के लिए संगठित रहना बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर अमित कुमार, सत्येंद्र पटेल, सुरेंद्र सिंह यादव, दीपक यादव, दिवाकर यादव, दीपक सिंह, अर्पित सचन, हीरालाल, वीरेंद्र कुमार, पंकज कुमार, श्याम सुंदर गुप्ता, गोविंद पाल, सुनील कुमार, विक्रम सिंह, रामबाबू मौर्य, विपिन कुमार, राम दर्शन, नीलम गौतम, तरुण कुमार सिंह, विपिन गुप्ता सहित सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठनात्मक एकता, उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। अंत में प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र वर्मा ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।







