PRAYAGRAJ माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रधान डाकघर, प्रयागराज में आयोजित एक कार्यक्रम में “माघी पूर्णिमा” पर विशेष आवरण एवं विरूपण का विमोचन किया गया. इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रणव कुमार, चीफ पोस्टमास्टर जनरल उत्तर प्रदेश परिमण्डल, लखनऊ रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रणव कुमार ने इस अवसर पर विभाग द्वारा की गई इस अनूठी पहल की सराहना की और कहा कि इस विशेष कवर का विमोचन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। राजीव उमराव, पोस्टमास्टर जनरल प्रयागराज ने अपने संबोधन में कहा कि यह विशेष कवर महाकुंभ एवं प्रयागराज के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग न केवल संचार के माध्यम के रूप में कार्य करता है, बल्कि कला, संस्कृति और इतिहास को सहेजने में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर प्रीती अग्रवाल, निदेशक डाक सेवाएं प्रयागराज, अभी जैन प्रवर अधीक्षक डाकघर प्रयागराज, मासूम रजा रश्दी, सहायक निदेशक द्वितीय, मनु भाई शाह सहायक अधीक्षक फिलेटली, प्रमिला यादव, प्रवर डाकपाल प्रयागराज, पी.आर.आई. राजेश वर्मा और अन्य सम्मानित अतिथि भी उपस्थित रहे।







