Sports News: हॉकी इंडिया की ओर से ऑस्ट्रेलियन लीग के लिए घोषित भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में वाराणसी की पूर्णिमा यादव को जगह मिली है। जिला मुख्यालय से दस किलोमीटर दूर हरहुआ के चक्का गांव की पूर्णिमा ऑस्ट्रेलियन हॉकी लीग में खेलेंगी। उनकी मां अमरावती ने कर्ज लेकर उनके लिए हॉकी किट खरीदी थी।
फॉर्वर्ड खिलाड़ी के रूप में उतरेंगी हॉकी के मैदान में
भारतीय जूनियर हॉकी टीम में पूर्णिमा का चयन बतौर फॉर्वर्ड लाइन खिालाड़ी के तौर पर हुआ है। फॉर्वर्ड लाइन में पूर्णिमा के अलावा पांच अन्य का चयन हुआ है। ओलंपियन विवेक सिंह हॉकी एकेडमी की कोच सतनाम कौर वत्स ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया दौरा इनके लिए अपनी क्षमता दिखाने का मौका है। उम्मीद जताई कि अपने गोल करने के बेहतरीन कौशल के जरिये पूर्णिमा आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाएगी।
ड्रैग फ्लिक की माहिर खिलाड़ी हैं पूर्णिमा
कोच सतनाम कौर ने बताया कि सब जूनियर नेशनल खेल चुकी पूर्णिमा पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में एक्सपर्ट है। उसके ड्रैग फ्लिक विरोधी टीम के गोलकीपर को मुश्किल में डाल देते हैं। खेल के अंतिम समय में गोल कनर्वट करने और विरोधी टीम को चकमा देने में उन्हें महारथ है। बताया कि हॉकी में कभी भी खेल पलट सकता है ऐसे में स्किल्ड और मजबूत खिलाड़ी टीम को जीत दिलाता है।
गंगापुर की पूजा के बाद काशी की दूसरी खिलाड़ी
भारतीय महिला हॉकी टीम में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हुए गंगापुर की पूजा यादव खेल चुकी हैं। ओलंपियन राहुल सिंह ने बताया कि मिड फिल्डर पूजा वाराणसी की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी है, इसके बाद पूर्णिमा यादव का भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। इस मौके पर ओलंपियन ललित उपाध्याय ने पूर्णिमा को बधाई दी है।







