मांगे न माने जाने की स्थिति में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने दी बीएसए कार्यालय पर 22 अगस्त से धरना देने की चेतावनी
BHADOHI NEWS: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ब्लॉक इकाई भदोही के शिक्षकों ने बुधवार को बीएसए को संबोधित विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन बीईओ को सौंपा। उसके निराकरण की मांग की।
इस दौरान शिक्षकों ने कहा कि शिक्षकों के वेतनमान से संबंधित समस्या काफी दिनों से बीएसए कार्यालय में लंबित है। जबकि पूरे प्रदेश में जनवरी से आज तक देय चयन वेतन मान ऑफलाइन स्वीकृत हो रहा। किंतु अभी तक भदोही जनपद में इसके लिए शिक्षकों से मांगपत्र तक आमंत्रित नही किया गया। कहा कि शिक्षकों के एक दिन की वेतन कटौती के संबंध में अपना स्पष्टीकरण पूर्व में संबंधित पटल पर दिया जा चुका है। परंतु उसका भी निराकरण लंबित रखा गया है। कहा कि पुरानी पेंशन के लिए शिक्षामित्र से सहायक अध्यापक बने शिक्षकों को विकल्प पत्र प्रस्तुत करने की शासन द्वारा व्यवस्था की गई है। अंतिम तिथि एवं प्रक्रिया के स्पष्ट निर्देश के अभाव में अनेक पात्र शिक्षक इस लाभ से वंचित होने की स्थिति में हैं। इस विषय में तत्काल परिपत्र जारी कर अंतिम तिथि घोषित करते हुए विकल्प पत्र प्राप्ति की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। कहा कि जनवरी से मार्च तक का डीए, एरियर का भुगतान भी काफी दिनों से लंबित है। कहा कि उच्चतम न्यायालय इलाहाबाद में त्रिपुरारी दूबे बनाम उत्तर प्रदेश राज्य में परित आदेश के अनुपालन में जिले में कार्यरत सभी प्रभारी प्रधानाध्यापकों का उनके प्रभारी पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रधानाध्यापक का वेतनमान दिया जाना सुनिश्चित किया जाए। मांगे न माने जाने की स्थिति में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ बीएसए कार्यालय पर 22 अगस्त से धरना देने के लिए बाध्य होंगे।
जनपद के सभी ब्लॉकों के बीईओ को सौंपा गया ज्ञापन
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ भदोही के आह्वान पर ज्ञानपुर ब्लॉक में प्रतीक मालवीय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने बीईओ कार्यालय पर उपस्थित होकर चयन वेतनमान सहित शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन बीईओ मनोज सिंह को सौंपा। मांगे पूरी न होने पर 22 अगस्त को बीएसए कार्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी। इसी तरह जनपद के औराई, सुरियावां, डीघ ब्लॉकों में शिक्षकों ने बीईओ को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर शिल्पी अग्रवाल, विजय सिंह, अरुण यति, प्रदीप उपाध्याय, शिवम श्रीवास्तव, गौरव सिंह, निशांत यादव, मनोज मौर्य, मनोज सिंह, रुक्मिणी पांडेय, मृत्युंजय वर्मा, भानु मुकेश बिंद, मनोज बिंद, वीरेंद्र प्रजापति, सुजीत श्रीवास्तव, अमित सिन्हा सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक मौजूद रहें।







