JALAUN NEWS: जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम ऐंको के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। सुबह करीब 3:30 बजे 223 किलोमीटर पर एक डीसीएम गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। इस गाड़ी में 15 मवेशी लदे थे।
तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे मोरम से भरे ट्रेलर ने डीसीएम में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर चालक को झपकी लगने के कारण यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम में लदे 7 भैंस और 6 पड़ेरू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में डीसीएम चालक गोलू यादव (32 वर्ष) और क्लीनर छोटू (25 वर्ष) भी घायल हो गए। दोनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना कुठौंद प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। घायल मवेशियों के उपचार के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया गया। मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार दफन कराया गया।इस हादसे के चलते कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा कर मार्ग को सुचारू कराया।







