राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने शबाना बाबा की मजार पर की चादरपोशी, तरक्की की मांगी दुआ
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने शुक्रवार को रामपुरखास विधानसभा क्षेत्र में कुम्भीआइमा स्थित शबाना बाबा की मजार पर चादरपोशी की। उन्होने यहां मुल्क की भलाई तथा तरक्की और लोगों की खुशहाली को लेकर दुआ मांगी। सांसद प्रमोद तिवारी लालगंज में पार्टी कार्यकर्ताओं से भी रूबरू हुए। उन्होने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस समय एसआईआर को लेकर बाकी बचे हुए समय मे कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि पात्र नागरिकों का नाम किसी भी हालात में मतदाता सूची से छूटने न पाये। उन्होने कहा कि सही मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके इसके लिए पूरी गंभीरता व क्षमता के साथ कार्यकर्ता समर्पित हों। वही सांसद प्रमोद तिवारी ने एसआईआर को लेकर कहा है कि इतने कम समय में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कराया जाना संभव नही है। उन्होने एसआईआर के लिए निर्धारित समयावधि को पांच वर्ष तक या जब तक जरूरी हो बढ़ाए जाने पर जोर दिया है। उन्होने कहा कि निर्वाचन आयोग को हर हाल में सुनिश्चित करना चाहिए कि मतदाता सूची की पवित्रता नष्ट न होने पाये और इसमें कोई भी पात्र छूटने न पाये। उन्होने केन्द्र की भाजपा सरकार से भी आग्रह किया है कि सत्ता से बड़ी देश की आजादी व संविधान है। उन्होने कहा कि सत्ता के लिए संविधान को कतई खतरे में नहीं डाला जाना चाहिए। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा है कि देश का श्रेष्ठतम संविधान लागू होने के समय इक्कीस वर्ष के युवाओं को भी बराबरी का हक देते हुए मतदान का अधिकार प्रदान किया गया। उन्होने कहा कि वही देश के युवा प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने मताधिकार के संवैधानिक अधिकार को और महत्वपूर्ण स्वरूप देते हुए इक्कीस वर्ष की आयु घटाकर अठारह वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार दिया। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मतदान के अधिकार आज खतरे में है। उन्होने कहा कि देश के लोगों का यह दायित्व है कि मताधिकार की रक्षा करें। उन्होने यह भी कहा कि एसआईआर अभियान के बाकी बचे दिनों में वोट के अधिकार को सुरक्षित करने में सभी को अपनी भूमिका का मजबूती से निर्वहन करना चाहिए। सांसद प्रमोद तिवारी ने एसआईआर अभियान में जुड़े कुछ बीएलओ और या अन्य कर्मचारियों की असामयिक मृत्यु पर भी दुख जताया है। उन्होने कहा कि कर्मचारियों या बीएलओ पर व्यर्थ का तनाव नही दिया जाना चाहिए। उन्होने कहा कि एसआईआर से जुड़े कर्मचारियों पर किसी भी प्रकार का राजनैतिक दबाव भी कतई न डाला जाय। उन्होने यह भी कहा कि अभियान में किसी समुदाय, जाति या धर्म के नाम पर किसी भी नागरिक का नाम न तो काटा जाय और न ही जोड़ा जाना चाहिए। इसके पहले सांसद प्रमोद तिवारी ने सांगीपुर व लालगंज क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में भी लोगों से मुलाकात की। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, प्रमुख अशोक सिंह बबलू, लालगंज प्रमुख इं. अमित सिंह पंकज, केडी मिश्र, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, आशीष उपाध्याय, छोटेलाल सरोज, पप्पू तिवारी, शेरू खां, दारा सिंह, रोहित सिंह, रामबोध शुक्ल, लव सिंह, त्रिभु तिवारी आदि रहे।







