JAUNPUR NEWS: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गहन विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत रविवार को विशेष अभियान तिथि 18 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधानसभा क्षेत्र 366-जौनपुर अंतर्गत टी.डी. पी.जी. महिला कॉलेज स्थित बूथ संख्या 509 से 512, टी.डी. इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 498 से 504, सरस्वती शिशु मंदिर स्थित बूथ संख्या 458 से 467 तथा विधानसभा क्षेत्र 364-बदलापुर अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पुरानी बाजार बदलापुर स्थित बूथ संख्या 137, 138 एवं 139 सहित अन्य बूथों पर बीएलओ द्वारा किए जा रहे मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन एवं वाचन कार्य का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित बीएलओ, बीएलए एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों से संवाद करते हुए निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाकर युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिला एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहभागिता को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। इसी क्रम में जनपद के समस्त मतदेय बूथों पर बीएलओ द्वारा जनमानस की उपस्थिति में मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन एवं एएसडी सूची का वाचन किया गया, जिससे पारदर्शिता एवं जागरूकता सुनिश्चित की जा सके।







